पटना

जदयू राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आज


नीतीश दिल्ली रवाना, राष्ट्रीय अध्यक्ष पर हो सकता है फैसला, ललन और उपेन्द्र कुशवाहा अध्यक्ष की रेस में

पटना (आससे)। जनता दल यूनाईटेड की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक शनिवार को दिल्ली में होगी। इसमें पार्टी के नये राष्ट्रीय अध्यक्ष का ऐलान हो सकता है। कहा जा रहा है कि मौजूदा अध्यक्ष रामचंद्र प्रसाद सिंह के केंद्र में मंत्री बन जाने के बाद एक व्यक्ति, एक पद फॉर्मूले के चलते वह राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद छोड़ेंगे।

बैठक में हिस्सा लेने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मानसून सत्र की समाप्त होते ही दिल्ली रवाना हो गए। इसमें सदस्यता अभियान की रूपरेखा, सांगठनिक चर्चा के अलावा आने वाले विभिन्न राज्यों के विधानसभा चुनाव की रणनीति पर बात होगी।

सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष की रेस में दो नेता मुंगेर से सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा का नाम आगे चल रहा है। इनमें से किसी एक नेता को जदयू की कमान दी जा सकती है। कहा यह भी जा रहा है कि यदि किसी के नाम पर कोई सहमति नहीं बनी तो कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष भी बनाए जा सकते हैं। इसमें खुद सीएम नीतीश कुमार और जदयू के वरिष्ठ नेता वशिष्ठ नारायण सिंह का नाम सामने आ रहा है।

पिछले दिनों केंद्रीय मंत्रिमंडल का जब विस्तार हुआ तो ललन सिंह को केंद्र में मंत्री नहीं बनाया गया। ऐसे में संभावना है कि इन्हें अध्यक्ष जिम्मेदारी दी जा सकती है। नीतीश कुमार राजनीतिक-सामाजिक-जातिगत समीकरण को बैलेंस करने के साथ-साथ पार्टी के सर्वोच्च पद पर अपने विश्वस्त को ही बैठाना चाहते हैं। इस कारण भी ललन सिंह रेस में हैं।

वहीं, जदयू संगठन को मजबूत करने के लिए उपेंद्र कुशवाहा ने हाल में बिहार यात्रा की है। संगठन के लोगों से मिले। पुराने नेताओं में उत्साह भर रहे हैं और पार्टी में नई ऊर्जा लाने की बात कह रहे हैं। कुशवाहा के काम की तारीफ मुख्यमंत्री ने भी की है। 18 जुलाई को हुई प्रदेश स्तरीय बैठक में कहा था कि जदयू के संगठन की मजबूती पर अच्छा काम कर रहे हैं। इन्हें बड़ी और नयी जिम्मेदारी दी जा सकती है।