पटना

जहानाबाद से सटे झुनाठी गांव में मिले 28 कोरोना संक्रमित, मचा हड़कंप


वंशी में एक एएनएम सहित चार पॉजिटिव

करपी/अरवल। जहानाबाद से सटे अरवल जिले के झुनाठी गांव में एक साथ 28 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। संक्रमित मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्वास्थ विभाग से लेकर प्रशासनिक महकमें में हड़कंप मच गया। शनिवार को झुनाठी एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करपी में 136 लोगों की जांच की गई, जिसमें 30 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें 28 पॉजिटिव सिर्फ एक गांव में मिले हैं, जबकि एक व्यक्ति चौहर में तथा करपी डाकघर का एक कर्मचारी भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।

बताया जा रहा है कि डाककर्मी जहानाबाद से ड्यूटी करने आते जाते हैं। इधर एक ही गांव में इतनी बड़ी संख्या में कोरोना पॉजिटिव होने के बाद गांव के लोगों में दहशत का माहौल बन गया है। वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा अंचल अधिकारी ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों को जागरूक किया। प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभाकर कुमार ने सभी लोगों से मास्क पहने एवं दूरी बनाकर रहने तथा अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने का अनुरोध किया। इसके साथ ही लोगों से कोरोना वैक्सीन लगवाने का भी अनुरोध किया है।


कुर्था में कोविड मृत्तक युवक के दो परिजन सहित छह नए मामलें

कुर्था। बीते दिनों प्रखंड क्षेत्र के सचई गांव के एक युवक की कोरोना से मौत हो गई थी। युवक की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग द्वारा उनके परिजनों की भी जांच की गई जिसमें दो लोग पॉजिटिव पाए गए। वहीं शनिवार को कुर्था में लगभग 44 लोगों की जांच की गई जिसमें चार लोग पॉजिटिव पाए गए। उक्त बातों की जानकारी देते हुए कुर्था स्वास्थ्य विभाग के स्वास्थ्य प्रबंधक ललन सिंह ने बताया कि शनिवार के हुए जांच के दौरान कुर्था पीएचसी में लोग चार पॉजिटिव मिले हैं जबकि दो लोग कोविड मृत्तक युवक के परिजन हैं।


इधर वंशी प्रखंड में एक एएनएम समेत चार लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए है। स्वास्थ्य प्रबंधक कौशल किशोर ने बताया की एक एनएम कोरोना पॉजिटिव है, जबकि बीघा गांव में तीन लोग पॉजिटिव पाय गए है। यहाँ 32 लोगों की कोरोना जांच की गई है। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र से तुर्क तेलपा गांव में 8 लोग आए थे, जिनकी जांच की गई और सभी लोग निगेटिव पाए गए हैं।

उधर अनुवा में शुक्रवार को एक साथ 24 लोगों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद बीडीओ बृजेश कुमार दीपक ने गांव को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है। इन्होंने लोगों से दूरी बनाकर रहने एवं अधिक से अधिक संख्या में कोरोना की टीका दिलवाने का अनुरोध किया है।