News TOP STORIES नयी दिल्ली

दिल्ली में नहीं होगा लॉकडाउन, जल्द लगाए जाएंगे नए प्रतिबंध : CM केजरीवाल


राजधानी दिल्ली में भी कोरोना वायरस कि रफ़्तार बढ़ती जा रही हैं। ऐसे में दिल्ली में लॉकडाउन की संभावनाओं को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने साफ़ किया है कि राजधानी में लॉकडाउन नहीं लगाया जाएगा, हालांकि जल्द ही नए प्रतिबंध लगाए जाएंगे।

कोरोना की बिगड़ती स्थिति के बीच शनिवार को लोक नायक जयप्रकाश अस्पताल में व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा, हमारे पास पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन हो और उम्र सीमा पर लगी रोक हटा दी जाती है, तो हम 2-3 महीने के भीतर पूरी दिल्ली में लोगों को टीका लगा सकते हैं। वर्तमान में, हमारे पास 7-10 दिनों के लिए वैक्सीन है। हमें टीकाकरण बढ़ाने के लिए आयु सीमा को हटाने की जरूरत है।

लॉक डाउन को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा, कोई लॉकडाउन नहीं होगा। जल्द ही नए प्रतिबंध लगाए जाएंगे। दिल्ली में शुक्रवार को 8,521 नए कोविड मामले सामने आए थे। महामारी की शुरूआत के बाद से दिल्ली में यह एक ही दिन में सामने आए मामलों की दूसरी सबसे बड़ी संख्या है। पिछले साल 11 नवंबर को दिल्ली में एक ही दिन में 8,593 मामले दर्ज किए गए थे।

दिल्ली में दैनिक तौर पर पॉजिटिविटी रेट 7.79 प्रतिशत दर्ज की गई है। फिलहाल यहां सक्रिय (एक्टिव) मामलों की संख्या 26,631 हैं, जिनमें से 13,188 अपने घरों में ही आइसोलेशन में हैं। शुक्रवार को 5,032 लोगों ने कोरोना वायरस से निजात पाई है और अब तक यहां ठीक होने वाले लोगों की कुल संख्या 6,68,699 हो चुकी है। शुक्रवार को 39 और मौतों के साथ दिल्ली में कोविड-19 के कारण होने वाली मौतों का आंकड़ा बढ़कर 11,196 हो गया है।