पटना

पंचाने ने बिहारशरीफ शहर और रहुई के पूर्वी इलाकों में मचायी तबाही


शहर के कई इलाकों में सड़क, गली के बाद अब घरों में घुसा पानी

      • रहुई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, प्रखंड कार्यालय तथा पावर सब स्टेशन में पानी घुसा विद्युत आपूर्ति ठप
      • हारशरीफ-रहुई रोड में हुए खाड़ जबकि पूर्वी क्षेत्र के कई गांवों की फसलें बर्बाद, बाढ़ में डूबे गांवों के लोगों को रहुई राहत शिविर में खिलाया जा रहा है भोजन

बिहारशरीफ (नालंदा)। नालंदा में बाढ़ का कहर थमने का नाम नहंी ले रहा है। हालांकि मुख्यमंत्री के दौरे के बाद जिला प्रशासन इस मामले में काफी गंभीर है। तेजी से सड़क एवं तटबंधों में हुए कटाव को भरा जा रहा है। जिलाधिकारी सहित तमाम वरीय अधिकारी राहत बचाव कार्य का जायजा लेने से लेकर बाढ़ पीड़ितों को मदद पहुंचाने और कटाव आदि का निरीक्षण कर रहे है। जिला प्रशासन द्वारा जारी किये गये बुलेटिन में बताया गया है कि जिले की प्रायः नदियां या तो स्थिर है या फिर उसके जलस्तर में कमी आयी है।

पंचाने नदी ने बिहारशरीफ एवं रहुई में व्यापक कहर बरपाया है। शहर के आशानगर सहित सोहसराय, जलालपुर, हबीबपुरा आदि इलाकों में तबाही  मचा दी है। शहर की सड़कें, गलियां और कई घरों में बाढ़ का पानी घुस गया है। सोहसराय के किसान कॉलेज में भी बाढ़ का पानी घुसा हुआ है।

रहुई में भी पंचाने का कहर जारी है। डीहरा, दुलचंदपुर, रहुई बाजार आदि गांवों में घरों में पानी घुसा है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रहुई, रहुई पावर सब स्टेशन एवं प्रखंड कार्यालय में भी बाढ़ का पानी घुस गया है। पानी घुसने के कारण रहुई पावर सब स्टेशन को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है।

बिहारशरीफ-रहुई पथ में इतासंग के पास कटाव हो गया है। हालांकि इसके भराई का काम युद्ध स्तर पर जारी है। रहुई के विद्यालय में बाढ़ पीड़ितों के लिए कम्यूनिटी किचन खोला गया है जहां लोगों को खाना खिलाने की व्यवस्था है। रहुई के पूर्वी हिस्से के कई गांवों में पंचाने के बाढ़ से फसलें डूब चुकी है और व्यापक नुकसान हुआ है।