पटना

पटना: लोजपा के इकलौते विधायक राजकुमार सिंह जदयू में शामिल


(आज समाचार सेवा)

पटना। लोजपा के इकलौते विधायक राजकुमार सिंह ने जदयू की सदस्यता ग्रहण कर ली है। बिहार विधानसभा में उन्हें बतौर जदयू विधायक दल के सदस्य मान्यता मिल गयी है। मंगलवार को विधानसभा से विलय की मान्यता मिलने के बाद राज कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से एक अणे मार्ग जाकर मुलाकात की जहां मुख्यमंत्री समेत शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी, भवन निर्माण मंत्री डा. अशोक चौधरी, लोकसभा में जदयू संसदीय दल के नेता व मुंगेर सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने जदयू में उनका स्वागत किया।

इसके साथ ही बिहार विधानसभा में जदयू के विधायकों की संख्या बढक़र 45 हो गयी, जबकि चकाई से निर्दलीय जीते और सरकार के साइंस टेक्नालॉजी मंत्री सुमित कुमार सिंह का भी समर्थन उसे प्राप्त है। इससे पहले बसपा के इकलौते विधायक जमा खां का जदयू में विलय हुआ था।

बिहार विधानसभा के प्रचारी सचिव भूदेव राय द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक मटिहानी विधायक राजकुमार सिंह ने 5 अप्रैल को जदयू विधायक दल में विलय का निर्णय लिया और इसके संबंध में सूचना बिहार विधानसभा सचिवालय को दी। मटिहानी विधायक ने बिहार विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा के समक्ष उपस्थित होकर अपने निर्णय के मुताबिक जदयू विधायक दल के सदस्य के रूप में मान्यता देने का अनुरोध किया।

इस संबंध में जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा और विधानसभा में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक श्रवण कुमार ने भी विलय हेतु अपनी सहमति की सूचना विधानसभा सचिवालय को दी। भारत के संविधान की दसवीं अनुसूची के प्रावधानों के अनुरूप विधानसभा अध्यक्ष श्री सिन्हा ने लोक जनशक्ति पार्टी विधायक दल का जनता दल यूनाइटेड में विलय की मान्यता प्रदान की है। विस सचिव श्री राय के मुताबिक 6 अप्रैल 2021 के प्रभाव से राज कुमार सिंह जदयू विधायक दल के सदस्य के रूप में अधिसूचित किए जाते हैं।