Latest News नयी दिल्ली राजस्थान

पूर्व मुख्यमंत्री राजे ने केंद्रीय जलशक्ति मंत्री शेखावत के घर पहुंचकर व्यक्त की शोक संवेदना


  1. जोधपुर । पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे गुरुवार को केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के जोधपुर निवास पर पहुंचीं और उनकी माताजी मोहन कंवर जी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्योदान सिंह, भाजपा के पश्चिम बंगाल के प्रदेश प्रभारी व राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने केंद्रीय मंत्री शेखावत से मिलकर माताजी के निधन पर संवेदना प्रकट किया। वसुंधरा राजे, श्योदान सिंह और कैलाश विजयवर्गीय सुबह 11 बजे दिल्ली से जोधपुर पहुंचे। तीनों नेताओं ने केंद्रीय मंत्री शेखावत के अजीत कॉलोनी स्थित निवास स्थान पर माताजी मोहन कंवर जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धाजंलि दी। राजे केंद्रीय मंत्री के पिता शंकर सिंह शेखावत जी से भी मिलीं। उन्होंने केंद्रीय मंत्री शेखावत की पत्नी नोनद कंवर और बड़ी बेटी सुहासिनी शेखावत से मिलकर संवेदना प्रकट की। इस दौरान महापौर वनीत सेठ मौजूद रहीं।

भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, पूर्व शिक्षा मंत्री कालीचरण सर्राफ, पूर्व परिवहन मंत्री यूनुस खान, पूर्व मंत्री ओटाराम देवासी भी केंद्रीय मंत्री शेखावत के निवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे। जम्मू-कश्मीर के पूर्व मंत्री शक्ति परिहार, जम्मू-कश्मीर के भाजपा नेता कुलदीप सिंह भी केंद्रीय मंत्री शेखावत से मिलने पहुंचे और माताजी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।