पटना

बिहारशरीफ: प्रखंड नियोजन इकाईयों के काउंसेलिंग के बाद ढेर सारे शिक्षकों का पद रह गया रिक्त


बिंद प्रखंड नियोजन इकाई में फिर हेराफेरी का मामला आया सामने लोगों ने लगाया गंभीर आरोप

बिहारशरीफ (आससे)। शिक्षक नियोजन प्रक्रिया की अगली कड़ी में सोमवार से जिले के 19 प्रखंड नियोजन इकाईयों के लिए शिक्षक नियोजन की प्रक्रिया शुरू हो गयी। रहुई प्रखंड नियोजन इकाई में बरती गयी अनियमितता और शिकायत के आलोक में वहां का नियोजन के लिए काउंसेलिंग नहीं हो पाया। जिला मुख्यालय बिहारशरीफ के मॉडल मध्य विद्यालय तथा राजकीय कन्या मध्य विद्यालय कमरूद्दीनगंज में सभी प्रखंड नियोजन इकाईयों के काउंसेलिंग की व्यवस्था की गयी थी।

शिक्षक नियोजन को लेकर दोनों हीं केंद्रों पर दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में सशस्त्र बल की तैनाती की गयी थी। हिंदी, उर्दू, गणित विज्ञान, संस्कृत और अंग्रेजी विषयों के लिए काउंसेलिंग हुई। जिले के ढेर सारे विषयों में शिक्षकों का पद रिक्त रह गया। वजह यह रही कि आरक्षण कोटि के अनुसार आवेदक कम पड़ गये। कुल 463 पदों के लिए आज काउंसेलिंग होनी थी, लेकिन कई विषयों में अभ्यर्थियों की कमी रही। सबसे अधिक हिंदी के लिए 172, संस्कृत के लिए 108, गणित विज्ञान के लिए 97, अंग्रेजी के लिए 62 और उर्दू के लिए 24 पद पर नियोजन हो सका है।

नियोजन प्रक्रिया में काउंसेलिंग की लगातार वीडियोग्राफी हो रही थी। आज भी नियोजन में गड़बड़ी का मामला गूंजता रहा। बिंद नियोजन इकाई में फर्जी तरीके से नियोजन को लेकर बवाल उठता रहा। प्रमुख पर कई आरोप लगे। नियोजन में प्रमाण पत्रों की हेराफेरी का भी आरोप लगा। अब तो शिकायत मिलने के बाद जांचोपरांत ही यह पता चल सकेगा कि नियोजन में गड़बड़ी हुई या फिर नहीं।