पटना

बिहारशरीफ: भाजपा ग्रामीण मंडल की बैठक में स्थापना दिवस पर घरों में झंडोत्तोलन करने का आह्वान


भाजपा जिलाध्यक्ष ने कोरोना टीकाकरण और एफपीओ के बारे में लोगों को जागरूक करने की दी नसीहत

बिहारशरीफ (आससे)। ग्रामीण मंडल ग्राम छबिलापुर में भाजपा मंडल कार्यसमिति की बैठक पूर्व मंडल अध्यक्ष दिनकर प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में हुई, जिसका संचालन मंडल महामंत्री विमलेश कुमार ने की। मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी के जिलाध्यक्ष रामसागर सिंह ने हिस्सा लिया।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कोरोना टीकाकरण और एफपीओ निर्माण में आपलोगों का सहयोग अपेक्षित है। भाजपा कार्यकर्ताओं की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि कोरोना की जंग में बिहारशरीफ मंडल के कार्यकर्ता एक सजग योद्धा के रूप में कार्य किये है।

उन्होंने कहा कि आपके काम का मिसाल नहीं। आपलोगों ने अपनी जान की परवाह किये बगैर जरूरतमंदों तक राशन, मास्क और सेनिटाइजर पहुंचाया। वर्तमान समय में पार्टी द्वारा हमे दो महत्वपूर्ण लक्ष्य दिये गये हैं उसमें पहला कोरोना टीकाकरण में जनसामान्य का सहयोग करना है। दूसरा किसानों को एफपीओ निर्माण में सहायता करना है।

कोरोना टीकाकरण के लिए चल रहे अभियान के बारे में उन्होंने कहा कि आपलोग लोगों को सजग कर टीकाकरण के लिए प्रेरित करें। इसके साथ हीं कार्यकर्ताओं द्वारा छोटे-छोटे कैंप लगा कर किसानों को एफपीओ के बारे में बतायें। इस अवसर पर यह भी निर्णय लिया गया कि सभी कार्यकर्ता 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात को अपने बूथों पर सुनेंगे एवं 6 अप्रैल को सभी कार्यकर्ता भाजपा के स्थापना दिवस पर अपने-अपने घरों में भाजपा का झंडोत्तोलन करेंगे।

इस अवसर पर ललन सिंह, ई. अशोक कुमार सिंह, सुमन कुमार, सतीश कुमार, रवि मंडल, प्रह्लाद सिंह, धीरज सिंह, अभय कुमार सिंह, दिनकर सिंह, मनोज कुमार, इकबाल नायर, रवि कुमार रविंद्र, दिनेश सिंह, किशोर कुमार, दिलीप कुशवाहा, अनिल कुशवाहा तथा सभी बूथ अध्यक्ष ने बैठक में हिस्सा लिया।