पटना

बिहारशरीफ: मुख्यमंत्री का जदयू कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम हुआ स्थगित- अब मुख्यमंत्री 16 और 17 मार्च को जिले के पांच प्रखंडों में करेंगे जनसंवाद


      • 16 को नगरनौसा, चंडी, थरथरी तथा 17 को रहुई और हरनौत में आयोजित है कार्यक्रम
      • कार्यक्रम के लिए स्थल हुआ तय बनाया जायेगा पंडाल जहां लोगों के साथ सीएम करेंगे संवाद

बिहारशरीफ। जनता दल यू का कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को हिस्सा लेना था वह कार्यक्रम अब आयोजित नहीं होगा। बिहार विधान परिषद् चुनाव को लेकर जारी आदर्श चुनाव आचार संहिता के कारण कार्यक्रम स्थगित हुआ है, लेकिन मुख्यमंत्री का दौरा होगा और कार्यक्रम का नाम अब जनसंवाद होगा। पहले इस कार्यक्रम में जदयू के चुनिंदा कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया गया था, जो पूर्णतः राजनीतिक कार्यक्रम था। इसमें पार्टी का झंडा और बैनर भी होता, लेकिन अब तो कार्यक्रम निहित है वह पूर्णतः सरकारी कार्यक्रम होगा। कार्यक्रम का नाम जनसंवाद होगा।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का जनसंवाद कार्यक्रम जो अब तक तय हुआ है वह 16 और 17 मार्च को आयोजित होगा। 16 मार्च को नगरनौसा, चंडी और थरथरी तथा 17 मार्च को रहुई एवं हरनौत में जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन होना है। इसके लिए लगातार बैठकें और तैयारियां चल रही है। इन प्रखंडों में जनसंवाद कार्यक्रम का स्थल भी चयन कर लिया गया है, जहां कार्यक्रम आयोजित होना है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नगरनौसा के उच्च विद्यालय मैदान, चंडी के मगध महाविद्यालय परिसर तथा हरनौत के खेल मैदान में कार्यक्रम के लिए पंडाल बनाया जाना है। रहुई एवं थरथरी प्रखंड में आगामी कल तक स्थल चयन कर लिया जायेगा।

जनसंवाद कार्यक्रम में सभी लोग भाग ले सकते है। पहले यह कार्यक्रम पूर्णतः राजनीतिक था, जिसमें जदयू के पुराने वर्कर से लेकर समता पार्टी के स्थापना काल से जुड़े लोगों के साथ मुख्यमंत्री का संवाद होना था। लेकिन आदर्श आचार संहित के चलते राजनीतिक कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की दिली इच्छा है कि जिले के लोगों की समस्याओं को नजदीक से सुने और समझे। उनकी समस्याओं का समाधान हो। वैसे लोग जिनका वास्तविक काम किसी कारणवश नहीं हो रहा है जनसंवाद में अपनी समस्या को पहुंचा सकेंगे। मूलतः यह कार्यक्रम का उद्देश्य है कि समाजसुधार से लेकर सरकार की अन्य योजनाओं के बारे में लोगों को बताना, जागरूक करना।

हालांकि जनसंवाद कार्यक्रम के दूसरे चरण में 01 अप्रैल को हिलसा, करायपरशुराय, परबलपुर, 02 अप्रैल को कतरीसराय, सरमेरा, बिंद और अस्थावा, 03 अप्रैल को बेन, नूरसराय और बिहारशरीफ, 05 अप्रैल को एकंगरसराय, इस्लामपुर, 06 अप्रैल को राजगीर, सिलाव एवं गिरियक तथा 07 अप्रैल को बिहारशरीफ में कार्यक्रम तय था। हालांकि दूसरे चरण के कार्यक्रम का आयोजन होगा या नहीं यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।