पटना

बिहारशरीफ में ग्रामीण विकास एवं ग्रामीण कार्य मंत्री का नागरिक अभिनंदन


      • नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार का हुआ है समग्र विकास: श्रवण कुमार
      • मुख्यमंत्री ने जो भी दी है जवाबदेही उसका ईमानदारी से करूंगा निर्वहन: जयंत राज
      • मुख्यमंत्री के विकास कार्यों का आज देश कर रहा है अनुकरण: कौशलेंद्र

बिहारशरीफ (आससे)। बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार तथा ग्रामीण कार्य मंत्री जयंत राज का नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन बिहारशरीफ के सम्राट अशोक भवन में आयोजित की गयी, जिसमें भारी संख्या में जदयू के कार्यकर्ता के साथ-साथ आम लोगों ने हिस्सा लिया। अभिनंदन समारोह में भारी संख्या में लोग पहुंचे थे। स्थिति यह थी कि जितने लोग भवन के अंदर थे उससे कई गुणा लोग बाहर सड़कों पर खड़े थे।

इस अवसर पर बोलते हुए ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि जिले के लोगों का उन्हें हमेशा स्नेह और समर्थन मिलता रहा है। उन्हीं के आशीर्वाद का नतीजा है कि इस बार भी उन्हें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में विकास को गति देने की ताकत मिली है। उन्होंने कहा कि बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में हर क्षेत्र में काम हुआ है। काफी बदलाव हुआ है। नल-जल योजना के जरिये हर घर को शुद्ध पेयजल पहुंचाया जा रहा है। यह देश के लिए नजीर बन चुका है। देश के अन्य हिस्सों में भी अब इसका अनुकरण होने लगा है। बिहार के हर घर में बिजली पहुंचा दी गयी है। यह नीतीश कुमार के दृढ़ इच्छा शक्ति की देन है।

लोहिया स्वच्छता अभियान पहले से बिहार में शुरू हुआ। अब यह अभियान प्रधानमंत्री पूरे देश में चलाने जा रहे है, जिसके तहत हर घर में शौचालय का निर्माण हुआ है। लोगों को रोजगार देने के लिए सरकार ने विभिन्न विभागों में बहालियां शुरू की है। सीएम ने ऐलान किया है कि 19 लाख लोगों को रोजगार मिलेगा। 10 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूह बनाया गया है। आज बिहार में अस्पतालों की हालत सुधरी है। डॉक्टर और दवा उपलब्ध है।

इस अवसर पर बोलते हुए ग्रामीण कार्य मंत्री जयंत राज ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उन्हें जो दायित्व सौंपा है उसे तन्मयता पूर्वक निर्वहन करूंगा। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में समग्र विकास हुआ है और बचे-खुचे कार्य किये जा रहे है।

सांसद कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि आज बिहार में विकास का जो काम हुआ है उसका अनुकरण देश के दूसरे राज्य कर रहे है। यह नीतीश कुमार की दृढ़ इच्छाशक्ति एवं कठोर मेहनत का नतीजा है। उन्होंने कहा कि बिहार का विकास हर क्षेत्र में हुआ है।

विधान पार्षद रीना यादव ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार की सरकार ने महिलाओं को जो सम्मान दिया है वह भूलने वाला नहीं है। आज बिहार में महिलाएं हर क्षेत्र में आगे आयी है।

पूर्व विधायक ई. सुनील कुमार ने अपने अध्यक्षीय भाषण में कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में मंत्री श्रवण कुमार ने जिस मेहनत से काम किया है उसकी जितनी भी तारीफ की जाय वह कम होगी। उन्होंने ऐसा जताया कि इस कार्यकाल में भी वे जिले तथा राज्य के विकास के लिए सदैव प्रयासरत रहेंगे। ग्रामीण कार्य मंत्री जयंत राज के नेतृत्व में ग्रामीण सड़कों की हालत में सुधार होगी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने जो काम किया है उसे भूला नहीं जा सकता।

कार्यक्रम में नालंदा के सांसद कौशलेंद्र कुमार, विधान पार्षद रीना यादव, पूर्व विधायक ई- सुनील कुमार, पूर्व विधान पार्षद राजू यादव, नगर निगम की महापौर वीणा कुमारी, उप महापौर शर्मिली प्रवीण के अलावे जदयू के जिलाध्यक्ष सियाशरण ठाकुर, भाजपा के जिलाध्यक्ष रामसागर सिंह, राजन मुखिया, राकेश, निगम पार्षद उमेश प्रसाद, नारायण यादव, राजेश गुप्ता, दिलीप कुमार, प्रमोद कुमार, साजन के अलावे काफी संख्या में  लोग मौजूद थे।