पटना

बिहार में 23 तक ठंड से राहत की उम्मीद नहीं


पटना (आससे)। बिहार में 23 जनवरी से पहले ठंड से राहत के आसार नहीं हैं। उत्तर-पश्चिमी दिशा से बर्फीली हवा का प्रवाह बढऩे और पुरवा हवा का जोर थमने के कारण अभी सुबह और शाम में ठंड की स्थिति बनी रहेगी। 22 जनवरी तक सूबे के अधिकतर भाग में सुबह मध्यम से घना कोहरा छाया रहेगा। दिन चढऩे के साथ कोहरा छंटेगा और दृश्यता में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।

मौसमविदों का कहना है कि अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है। वहीं, दिन के तापमान में दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी होगी। शुक्रवार से सूबे के पूर्वी भाग में पुरवाई बहेगी। 22 जनवरी को ही पर्वतीय इलाकों में फिर से एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के आसार हैं, जिसके बाद सूबे में ठंड में कमी हो सकती है। मौसमविदों का कहना है कि इसके बाद सूबे में ठंड और कोहरे में काफी हद तक कमी आ सकती है।

पिछले 24 घंटों में राज्य के अधिकतर भाग में कोहरे की स्थिति बनी रही। गया, पटना, पूर्णिया व अन्य भाग में घना कोहरा रहा और सुबह में विजिबिलिटी न्यूनतम स्तर पर रही। दिन में धूप खिलने पर कोहरा छंटा। धूप निखरने की वजह से अधिकतम पारे में एक से दो डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि न्यूनतम पारा एक डिग्री तक नीचे लुढक़ा। अब भी गया को छोडक़र बाकी शहरों का अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। हालांकि, अगले एक-दो दिनों में इसके सामान्य तक पहुंचने के आसार हैं।