पटना

बिहार विधानमंडल का बजट सत्र कल से


      • आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट कल, आम बजट 28 को होगा पेश
      • राज्यपाल करेंगे सेंट्रल हॉल में संयुक्त सत्र को संबोधित

(आज समाचार सेवा)

पटना। विधानमंडल का बजट सत्र शुक्रवार यानि २५ फरवरी से शुरू होगा। सत्र को लेकर विधानमंडल परिसर की परिधि में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किये गये हैं। सत्र के दौरान कुल २२ बैठकें होंगी। दोनों सदनों में आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट शुक्रवार को तथा आम बजट २८ फरवरी को पेश किया जायेगा। सत्र के दौरान कोविड १९ प्रोटोकॉल को सख्ती से पालन कराने का निर्देश जारी किये गये हैं।

सत्र के पहले दिन राज्यपाल फागू चौहान सेंट्रल हॉल में दोनों सदनों के संयुक्त सत्र को समवेत संबोधित करेंगे। इसके बाद दोनों सदन के सदस्य अपने अपने सदन में चले जायेंगे। सत्र के पहले दिन उप मुख्यमंत्री सह वित्त एवं वाधिज्य कर मंत्री तारकिशोर प्रसाद वित्तीय वर्ष २०२१-२२ का आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट पेश करेंगे। उप मुख्यमंत्री सह वित्त मंत्री तारकिशोर प्रसाद २८ फरवरी को वित्तीय वर्ष २०२२-२३ को आम बजट पेश करेंगे।

इससे पूर्व राज्यपाल के अभिभाषण के पहले विधानसभा में अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा एवं विधान परिषद में कार्यकारी सभापति अवधेश नारायण सिंह प्रारंभिक संबोधन करेंगे। दोनों सदनों के सचिव सत्र की अवधि नहीं रहने की अवधि राज्यपाल फागू चौहान द्वारा अनुमति प्राप्त विधयेकों एवं अध्यादेशों की प्रमाणीकृत प्रति सदन के पटल पर रखेंगे। इसके बाद सत्र नहीं रहने की अवधि जननायकों के निधन पर शोक प्रकाश व्यक्त किया जायेगा।

विधानसभा सचिवालय द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर २८ फरवरी व दो मार्च को वाद-विवाद तथा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इसका जवाब देंगे। २०२२-२० के आम बजट पर दो दिनों के वाद-विवाद के लिए दो दिन अर्थात तीन व चार मार्च निर्धारित है। सात मार्च को तृतीय अनुपूरक व्यय विवरणी को पेश किया जायेगा। विभागीय अनुदान मांगों को लेकर १२ बैठकें होंगी। एक दिन विनियोग विधेयक के लिए निर्धारित है। दो दिन राजकीय विधेयक के लिए, गैर सरकारी सदस्यों के लिए गैर सरकारी संकल्प पर विमर्श होगा।

विधानमंडल सत्र को लेकर पक्ष व विपक्ष की ओर से एक दूसरे की घेराबंदी होना तय है। जहां विपक्ष जहरीली शराब से हुई मौतों और विधि व्यवस्था को लेकर शोर शराबा किये जाने की उम्मीद है। वहीं सत्ता पक्ष सदस्यों द्वारा पूछे जाने वाले शत-प्रतिशत सवालों का जवाब देने की तैयारी है। इस बीच एनडीए विधानमंडल दल की संयुक्त बैठक सत्र के पहले दिन सदन की कार्यवाही की समाप्ति के तुरंत बाद सेंट्रल हॉल में आयोजित है। विपक्षी दलों राजद के साथ वाम दलों की तथा कांग्रेस की अलग-अलग तिथियों में बैठकें होने की चर्चा है। इस बीच विधानमंडल परिसर की सुरक्षा एवं आवासीय परिसरों में सुख सुविधा व सुरक्षा के व्यापक प्रबंध के निर्देश प्रशासनिक व पुलिस प्रशासन को दिये गये हैं।