पटना

मुजफ्फरपुर: राजस्व वसूली में कोताही नहीं लक्ष्य हासिल करें : तारकिशोर


उप मुख्यमंत्री बोले कल्याणकारी योजनाओं को समय से करें पूर्ण  

मुजफ्फरपुर। बिहार के  उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने आज समाहरणालय सभाकक्ष में राजस्व संग्रहण/आंतरिक संसाधन के साथ बुडको के पदाधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक की। बैठक में   मंत्री राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग  रामसूरत राय, माननीय विधायक मुजफ्फरपुर, बोचहां एवं बरुराज, प्रमंडलीय आयुक्त मनीष कुमार, जिलाधिकारी मुजफ्फरपुर प्रणव कुमार, नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय एवं सहायक समाहर्ता खुशबू गुप्ता  उपस्थित थे।

माननीय उप मुख्यमंत्री  तारकिशोर प्रसाद ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि राजस्व वसूली की दिशा में  ठोस कदम उठाते हुए  निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करना सुनिश्चित करें। सभी विभाग बेहतर समन्वय के साथ कार्य करें  ताकि सरकार के कल्याणकारी एवं विकासात्मक योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम आदमी को मिले। पदाधिकारी क्षेत्रों में विजिट करें साथ ही आम-आवाम के समस्याओं से न केवल रूबरू  हो बल्कि उनके निराकरण की दिशा में त्वरित कार्य करना सुनिश्चित करें। अपर समाहर्ता, डीसीएलआर अंचलों में जाएं। अधीनस्थ कार्यालयों का निरीक्षण करें।

राजस्व संग्रहण की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं को ससमय धरातल पर उतारने के साथ जायज लाभुकों तक योजना का लाभ पहुंचाने का कार्य अधिकारी करें। इससे पूर्व जिला पदाधिकारी प्रणव कुमार ने उप मुख्यमंत्री को पौधा देकर स्वागत किया। बैठक में उपमुख्यमंत्री ने विभागवार राजस्व से सबंधित निर्धारित लक्ष्य एवं उसके विरुद्ध अद्धतन उपलब्धि की समीक्षा की। इस क्रम में उन्होंने स्प्ष्ट हिदायत दिया कि जनता के प्रति समर्पण भाव से कार्य करें। लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

समीक्षा के क्रम में अवर निबंधक मुजफ्फरपुर के द्वारा बताया गया कि निबंधन में वार्षिक 264 करोड़ है जिसके विरुद्ध अभी तक 152 करोड 81 लाख की वसूली की गई है। जबकि जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि 224 करोड़ वार्षिक लक्ष्य के विरुद्ध अभी तक 134 करोड़ 90 लाख की वसूली की गई है। माननीय उपमुख्यमंत्री ने दोनों अधिकारियों को निर्देश दिया कि वित्तीय वर्ष में अब कम समय बचा है। ऐसे में राजस्व वसूली में तेजी लाना सुनिश्चित करें। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में वाणिज्य कर विभाग के द्वारा बताया गया है कि वार्षिक लक्ष्य 795 करोड़ 59 लाख के विरुद्ध  456 करोड़ 98 लाख राजस्व का संग्रहण किया गया है। माननीय उपमुख्यमंत्री ने वाणिज्य कर से संबंधित बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिया कि राजस्व संग्रहण में वाणिज्य कर की अहम भूमिका है। अतः राजस्व संग्रहण में तेजी लाएं। राष्ट्रीय बचत के तहत 175 करोड़ निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध कुल वसूली 172 कोड 22 लाख रुपया की हुई है। जबकि नगर निगम मुजफ्फरपुर का निर्धारित लक्ष्य 25 करोड़ 71 लाख के विरुद्ध वसूली 9 करोड़ 51 लाख की हुई है।

माननीय उप मुख्यमंत्री ने कहा  कि निर्धारित लक्ष्य के विरूद्ध वसूली का प्रतिशत संतोषजनक नहीं है।राजस्व संग्रहण में तेजी लाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने  नगर आयुक्त को निर्देशित किया कि इस वर्ष मानसून के पहले  जलजमाव के समस्या के निदान हेतु अल्पकालिक/ तात्कालिक योजना बनाते हुए  उसका क्रियान्वयन धरातल पर करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि  इस बार मानसून के समय जलजमाव से संबंधित शिकायत नहीं मिलनी चाहिए।

इसके अतिरिक्त उन्होंने खनन, वन प्रमंडल, माप-तौल नगर निकाय, विद्युत, भू-लगान, सेस, मांग एवं वसूली की भी समीक्षा की। साथ ही अपेक्षा से कम प्रगति वाले विभाग के अधिकारियों को अविलंब लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया। माननीय उप मुख्यमंत्री ने बुडको मुजफ्फरपुर अंतर्गत चल रही विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की विशेषकर सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट से संबंधित अधतन उपलब्धि की जानकारी प्राप्त की।

बैठक में उपस्थित माननीय राजस्व मंत्री ने आंतरिक संसाधन से  संबंधित विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा राजस्व संग्रहण में जो लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं उक्त लक्ष्य के प्राप्ति की दिशा में प्रभावी कार्य करें। साथ ही अपने दायित्वों का निर्वहन गंभीरतापूर्वक एवं ईमानदारी पूर्वक करना सुनिश्चित करें।