पटना

विप सदस्यों के मनोनयन का रास्ता साफ : नीतीश


राज्य के विकास पर पीएम से हुई बात

पटना (आससे)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि बिहार के विकास पर उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अन्य नेताओं से बात हुई है। बिहार में जो भी कार्य हमलोग कर रहे हैं, उन सभी विषयों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री दिल्ली के तीन दिवसीय दौरे से शुक्रवार को पटना लौटने पर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात होनी थी, लेकिन सुबह में ही उनसे मेरी फोन पर बात हुई। मिलना नहीं हो सका।

मालूम हो कि मुख्यमंत्री 10 फरवरी को दिल्ली पहुंचे थे। उसी दिन उनकी मुलाकात उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिले। गुरुवार को संसद भवन में उनकी मुलाकात प्रधानमंत्री से करीब घंटे भर की हुई। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि बिहार चुनाव के बाद पहली बार मैं दिल्ली गया था। सभी से मुलाकात की। जितनी देर भी वहां रहा, लोगों से मिलता रहा। अपनी पार्टी के नेताओं से मिले।

एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि धान खरीद के लिए अलग से रजिस्ट्रेशन की जरूरत नहीं है। हमने इसको लेकर पहले दिन ही आदेश किया था। हमने कहा था कि कृषि विभाग में किसानों का रजिस्ट्रेशन है, तो अलग से रजिस्ट्रेशन करने की आवश्यकता नहीं है। इस पर सभी डीएम ने कहा कि यह अच्छा होगा। अगर कोई ऐसा करता है तो हम तत्काल पूछेंगे। धान खरीद कि एक-एक गतिविधि पर निगरानी रखी जा रही है। जिलाधिकारियों को स्वयं जाकर देखने का निर्देश दिया गया है। किसान से ही धान की खरीद हो, इसको लेकर भी निर्देश दिया गया है।

पत्रकारों के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में विधान परिषद सदस्यों के मनोनयन पर कोई बात नहीं हुई है। यह तो अपने आप ही होगा। मुझे लगता है कि अब इसमें ज्यादा देर नहीं होगी। गौरतलब हो कि 12 सदस्यों का मनोनयन होना है।

पश्चिम बंगाल में जदयू के चुनाव लडऩे के सवाल पर कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को इस विषय पर बात करने की जिम्मेदारी दी गई है। वे इस पर बात कर रहे हैं। बिहार में 18 मंत्रियों पर आपराधिक मामले हैं के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे इसकी जानकारी नहीं है। अगर आप लोगों के पास ऐसी कोई जानकारी है तो मुझे भी दीजिएगा।