पटना

हवेली खड़गपुर: छापामारी में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन, एक गिरफ्तार


किराना दुकान की आड़ में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का चल रहा था धंधा

हवेली खड़गपुर (आससे)। नव पदस्थापित अनुमंडल आरक्षी पदाधिकारी राकेश कुमार के निर्देशन पर थाना अध्यक्ष नीरज कुमार के नेतृत्व में हवेली खड़गपुर नगर के पूरब अजीमगंज (कुरावर मोर) समीप सुभाष शर्मा के घर छापामारी कर अवैध मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया। थाना अध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि  सुभाष शर्मा अपने घर में अवैध हथियार का निर्माण करता था। गुप्त सूचना के आधार पर स्पेशल टीम गठित करते हुए उनके घर में छापामारी किया गया। जिसमें सुभाष शर्मा को रंगे हाथ अर्ध निर्मित हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने कहा कि हथियार बनाने वाले भारी मात्रा में सामग्री को बरामद किया गया। उन्होंने कहा कि हथियार बनाने वाले सामग्री में रेती, स्प्रिंग, मैगजीन, वेल्डिंग मशीन, ग्राइंडर मशीन, आरी पत्ती, छेनी, हथौड़ी सहित विभिन्न प्रकार के औजार बरामद किए गए। साथ ही विदेशी शराब के कुछ बोतल भी पाए गए। उन्होंने कहा कि सुभाष शर्मा के परिवार के लोग मुंगेर गन फैक्ट्री में काम करते थे। इसके पहले भी अवैध हथियार के निर्माण में इन पर कार्रवाई हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि घटना की छानबीन की जा रही है। अवैध हथियार निर्माण कर बिक्री करने वाले गिरोह छानबीन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किराना दुकान की आड़ में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का धंधा चल रहा था। आम लोगों में दहशत का माहौल है।