पटना

2025 तक चलेगी नीतीश के नेतृत्व में सरकार : आरसीपी


हमारे सहयोग से चल रही बिहार सरकार : सहनी

सिंघिया (समस्तीपुर)। केन्द्रीय इस्पात मंत्री व जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रामचन्द्र प्रसाद सिंह ने कहा कि बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार चल रही है और यह 2025 तक चलेगी। इसलिए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को अभी चार साल इंतजार करना होगा। वे शुक्रवार को तारापुर विधानसभा क्षेत्र में एनडीए प्रत्याशी राजीव कुमार सिंह के पक्ष में प्रचार कर रहे थे। उन्होंने नेजा प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के दोनों सीट जीतने के दावे पर कहा कि साल भर पहले जब राजद कांग्रेस के साथ लड़े थे तब तो यह सीट जीत नहीं पाए थे। इस बार दोनों अलग-अलग लड़ रहे हैं।

आरसीपी सिंह ने जदयू कार्यकर्ताओं से कहा कि वे लोगों से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 16 साल में हुए विकास की चर्चा करें। उन्होंने कहा कि यह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ही देन है कि सभी धर्मो के लोग अमन चैन से त्योहार मना रहे हैं। उन्होंने तेजस्वी यादव के मछली पकडऩे पर कहा कि वे पोठिया मछली पकड़ रहे हैं जबकि मछली अच्छा रोहु, कतला और बोआरी होता है।

वीआईपी सुप्रीमो मुकेश सहनी ने कहा कि मैं केवल मंत्री ही नहीं हू्ं, हमारे सहयोग से सूबे की सरकार चल रही है। चार दलों के सहयोग से चल रही सरकार में उनकी पार्टी वीआईपी भी शामिल है। उन्होंने कहा कि वे पार्टी और अपनी वजूद के लिए काम करते हैं। वे शुक्रवार को कुशेश्वरस्थान उप चुनाव में प्रचार के लिए जाने के क्रम में सिंघिया प्रखंड के विष्णुपुर डीहा गांव में आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि मंत्री तो बहुत बनेंगे लेकिन अपने वजूद के साथ हमलोगों ने यहां काम किया है। शहर से गांव तक सरकार की नजर में जो भी समस्या आती है, उस पर हम विशेष तौर पर काम करते हैं। मंत्री मुकेश सहनी का विष्णुपुर डीहा गांव में ननिहाल है। उन्होंने कहा कि जनता के हौसल की बदौलत वे उनकी सेवा कर रहे हैं।