News TOP STORIES उड़ीसा उत्तर प्रदेश उत्तराखण्ड झारखंड नयी दिल्ली पंजाब पटना प्रयागराज बंगाल बिहार महाराष्ट्र राजस्थान राष्ट्रीय

Bharat Bandh : अग्निपथ के विरोध में भारत बंद, दिल्ली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रोकी ट्रेन; लगा लंबा जाम


नई दिल्ली, । देश में अग्निपथ योजना को लेकर हिंसक विरोध-प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। कई राज्यों में अग्निपथ योजना के विरोध में उपद्रवियों ने तांडव मचाया। ऐसे में आज अग्निपथ योजना के विरोध में भारत बंद का ऐलान किया गया है। इसी के चलते देश के सभी राज्यों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी दिल्ली से लेकर आंध्र प्रदेश और बंगाल से लेकर बिहार तक में अलग-अलग जगहों पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। यही नहीं, राजधानी दिल्ली में आने वाले रास्तों पर भीषण जाम लग गया है।

Bharat Bandh Today LIVE Updates:

  • यूपी में 330 उपद्रवी गिरफ्तार

    अग्निपथ योजना के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने पर पूरे उत्तर प्रदेश में अब तक 39 FIR दर्ज की गई हैं। इसके अलावा 330 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया है और 145 प्रदर्शनकारियों पर सीआरपीसी की धारा 151 के तहत कार्रवाई की गई है।

  • सलमान खुर्शीद ने सेना की मंशा पर उठाए सवाल

    कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने सेना पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इस योजना को लेकर सेना की मंशा पर ही संदेह जताया है। खुर्शीद ने कहा, जिन लोगों के लिए योजना बनाई गई है, वे संतुष्ट हैं तो हमें कोई समस्या नहीं होगी। लेकिन, विडंबना यह है कि जिनके लिए योजना बनाई गई है वे संतुष्ट नहीं हैं।

  • दिल्ली में नहीं दिखा भारत बंद का असर

    विपक्षी दलों के भारत बंद के आह्वान का दिल्ली में कोई असर नहीं है। सभी बाजारों से लेकर कार्यालय तक खुले हुए हैं। चांदनी चौक, सदर बाजार, कनाट प्लेस, खारी बावली, लक्ष्मी नगर, चावड़ी बाजार, खान बाजार व कश्मीरी गेट समेत अन्य बाजारों में सभी दुकानें खुली हुई है।

  • तोड़फोड़आगजनी करने वालों पर होगी कार्रवाई- पटना DM

    पटना के डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह ने भारत बंद को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हमने भारत बंद को देखते हुए पूरी तैयारी की थी। यहां शांति है और भारत बंद का कोई असर नहीं है। अगर कोई सार्वजनिक संपत्ति में तोड़फोड़/आगजनी करने की कोशिश करता है तो उस व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

  • 03:01 PM, 20 Jun 2022

    अग्निपथ हिंसा मामले में यूपी में हुई 475 लोगों की गिरफ्तारी

    अग्निपथ के खिलाफ उत्तर प्रदेश में हुए प्रदर्शन पर यूपी के ADG लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभी तक 39 मुकदमें कायम हुए हैं और 475 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। जिसमें से 330 की गिरफ्तारी गंभीर धाराओं में की गई है। उन्होंने कहा जो कोचिंग संचालक छात्रों को भड़काने की कोशिश कर रहे हैं उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने बताया कि आज सुबह से ही उत्तर प्रदेश पुलिस ने व्यापक व्यवस्थाएं कर रखी थी। पुलिस की तैनाती की गई है, अभी तक किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। बंद का कोई भी असर उत्तर प्रदेश में देखा नहीं गया है।

  • 02:55 PM, 20 Jun 2022

    मुख्तार अब्बास नकवी ने विपक्ष पर बोला हमला

    केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने कहा कुछ निहित स्वार्थी तत्व युवाओं के कंधे पर बंदूक रखकर जिस तरह से युवाओं की तरक्की के रास्ते में षड्यंत्र का कुआं खोद रहे हैं, उसको लेकर सभी को सावधान होना चाहिए। मेरी युवाओं से अपील है की आप तीनों सेना प्रमुखों और सरकार पर विश्वास करें।

  • 02:37 PM, 20 Jun 2022

    दानापुर और मसौढ़ी रेलवे स्टेशन हिंसा मामले में 190 लोग गिरफ्तार

    अग्निपथ योजना को लेकर हुए प्रदर्शन पर पटना के DM चंद्रशेखर सिंह ने बयान दिया। उन्होंने कहा कि दानापुर और मसौढ़ी रेलवे स्टेशन पर हुई घटना काफी दुर्भाग्यपूर्ण थी। इसमें सार्वजनिक संपत्ति का काफी नुकसान हुआ और लोगों को भी काफी समस्या हुई। मामले में हमने 12 FIR दर्ज की हैं और 190 लोगों को गिरफ़्तार किया है।

  • 01:42 PM, 20 Jun 2022

    भाजपा पर CM भूपेश बघेल ने साधा निशाना

    अग्निपथ योजना को लेकर दिल्ली में जंतर मंतर पर छत्तीसगढ़ CM भूपेश बघेल ने बयान दिया। उन्होंने कहा आज नौजवानों का भविष्य खतरे में है, देश की सीमाएं और हमारी सुरक्षा खतरे में है, वो कहते हैं कि आओ (अग्निवीर) और भरी जवानी में जब रिटायर हो जाओगे तो हमारे यहां चौकीदारी करना। ये सबको चौकीदार बनाना चाहते हैं।

  • 01:04 PM, 20 Jun 2022

    जंतर-मंतर पर कांग्रेस का सत्याग्रह

    अग्निपथ योजना और राहुल गांधी के खिलाफ ईडी जांच के विरोध में कांग्रेस नेताओं ने जंतर-मंतर पर चल रहे सत्याग्रह में शिरकत की। इस दौरान कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल, राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत समेत कार्यकर्ता मौजूद रहे।

  • 12:33 PM, 20 Jun 2022

    कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रोकी ट्रेन

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी से प्रवर्तन निदेशालय की पूछताछ और केंद्र की अग्निपथ भर्ती योजना के विरोध में भारतीय युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के शिवाजी ब्रिज रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन को रोक दिया है।

  • 12:17 PM, 20 Jun 2022

    अग्निपथ योजना वापस हो- दीपेंद्र सिंह हुड्डा

    कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि जिस तरह से हमें शांतिपूर्ण प्रदर्शन की भी इजाजत नहीं मिल रही है, इससे दुर्भाग्यपूर्ण बात नहीं हो सकती। हमारी मांग है कि अग्निपथ योजना वापस हो और जांच एजेंसियों का दुरूपयोग बंद हो।

  • 12:14 PM, 20 Jun 2022

    अधीर रंजन चौधरी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा

    कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा हम चाहते हैं कि देश के नौजवानों के साथ खिलवाड़ ना हो। क्यों लोगों को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है? आप बोल दो की हम सैलेरी और पेंशन नहीं दे सकते। आप हम सब को बुलाइए, हम आपको सुझाव देंगे क्योंकि ये फौज मोदी जी की नहीं बल्कि हिंदुस्तान की है।

  • 12:07 PM, 20 Jun 2022

    प्लेटफार्म टिकट जारी करने पर प्रतिबंध लगाया

    तमिलनाडु में भारत बंद को देखते हुए और यात्रियों की सुरक्षा की रक्षा के लिए अगले आदेश तक दक्षिण रेलवे के चेन्नई डिवीजन के सभी रेलवे स्टेशनों पर प्लेटफार्म टिकट जारी करने पर प्रतिबंध लगा दिया है।

  • 11:43 AM, 20 Jun 2022

    दिल्ली में रेलवे स्टेशन पर किए गए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

    दिल्ली RPF के सहायक सुरक्षा आयुक्त एपी जोशिया ने बताया कि भारत बंद को देखते हुए चाक-चौबंध इंतजाम किए गए हैं। रेल संपत्ति की सुरक्षा और जनमानस की सुरक्षा के लिए पूरी व्यवस्था की गई है। फ्लैग मार्च का उद्देश्य लोगों को भरोसा दिलाना है कि सुरक्षा बल सजग है। हम रेल संपत्ति को बचाने के लिए सक्षम है। यहां सुबह से कोई भी ट्रेन बाधित नहीं हुई है।

  • 11:36 AM, 20 Jun 2022

    181 मेल एक्सप्रेस समेत 348 ट्रेनें हुई रद्द

    रेल मंत्रालय ने बताया कि अग्निपथ योजना को लेकर हो रहे प्रदर्शन के कारण 181 मेल एक्सप्रेस और 348 यात्री ट्रेनें रद्द हुई हैं। 4 मेल एक्सप्रेस और 6 पैसेंजर ट्रेनें आंशिक रूप से अभी रद्द हैं। कोई भी डायवर्ट ट्रेन नहीं है।

  • 11:18 AM, 20 Jun 2022

    गोरखपुर में जीआरपी, आरपीएफ अलर्ट पर

    अग्निपथ योजना को लेकर भारत बंद के आह्वान पर गोरखपुर आरपीएफ आईजी तारिक अहमद ने बयान दिया। उन्होंने बताया कि हमने पूरी व्यवस्था कर ली है। जीआरपी, आरपीएफ, सिविल पुलिस समेत सभी को तैनात किया गया है, मैं छात्रों से अपील करता हूं कि असामाजिक तत्वों के बहकावे में न आएं।

  • 11:07 AM, 20 Jun 2022

    चिल्ला बार्डर पर लगा भीषण जाम

  • 10:59 AM, 20 Jun 2022

    कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने साधा केंद्र सरकार पर निशाना

    कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, क्या ये 46,000 युवकों को तैयार करके RSS में लाना चाहते हैं। क्या किसी देश में ऐसा हुआ है कि 4 साल ट्रेनिंग देकर उसके बाद उसे छोड़ देना। आप सिर्फ 4 साल तक ट्रेनिंग और उन्हें स्टाइपेंड देकर उन्हें चुनाव तक व्यस्त रखने के लिए यह काम कर रहे हैं। आप ऐसा इसलिए कर रहे हैं ताकि जो युवा महंगाई, बेरोजगारी के खिलाफ दूसरी जगहों पर विरोध कर रहे हैं, उनकी दिशा को भटकाया जाए।

  • 10:44 AM, 20 Jun 2022

    जंतर-मंतर पर कांग्रेस का सत्याग्रह

    अग्निपथ योजना और ED द्वारा राहुल गांधी को समन जारी करने के विरोध में दिल्ली के जंतर मंतर पर कांग्रेस ने सत्याग्रह किया। इस दौरान सलमान खुर्शीद, मल्लिकार्जुन खड़गे सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

  • 10:37 AM, 20 Jun 2022

    विजयवाड़ा रेलवे स्टेशन पर पुलिस बल तैनात

    आंध्र प्रदेश में अग्निपथ योजना के खिलाफ कुछ संगठनों द्वारा बुलाए गए भारत बंद के मद्देनजर विजयवाड़ा रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा तैनात की गई है। साथ ही कंटीले तार भी लगाए गए हैं। इसके अलावा शहर के सभी प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात हैं।

  • 10:33 AM, 20 Jun 2022

    भारत बंद पर बोले नोएडा के ADCP रणविजय सिंह

    नोएडा के ADCP रणविजय सिंह ने बताया कि भारत बंद के काफी इनपुट हमारे पास है, उसके हिसाब से हमने अपनी सभी व्यवस्थाएं कर रखीं हैं। हम सभी बार्डर पर तैनात है। हम सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी प्रदर्शनकारी जो दिल्ली में कानून व्यवस्था को प्रभावित करता है, वह इस सीमा से अंदर न आ पाए।

  • 10:27 AM, 20 Jun 2022

    भारत बंद का ट्रेनों पर पड़ा असर

    अग्निपथ योजना को लेकर भारत बंद के आह्वान के बीच कई ट्रेनों पर इसका असर पड़ा है। ट्रेनें रद्द होने से गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर यात्री परेशान हैं।

  • 10:24 AM, 20 Jun 2022

    नोएडा-दिल्ली लिंक रोड पर लगा लंबा जाम

    नोएडा में अग्निपथ योजना के विरोध में कुछ संगठनों द्वारा देशभर में भारत बंद के आह्वान के बीच चिल्ला बार्डर पर नोएडा-दिल्ली लिंक रोड पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया है।

  • 10:13 AM, 20 Jun 2022

    दिल्ली-गुरुग्राम सीमा पर लगा ट्रैफिक जाम

    अग्निपथ योजना के विरोध में कुछ संगठनों द्वारा देशभर में भारत बंद के आह्वान के बीच दिल्ली-गुरुग्राम सीमा पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया है।

  • 10:09 AM, 20 Jun 2022

    भारत बंद के मद्देनजर अमृतसर रेलवे स्टेशन पर बढ़ाई गई सुरक्षा

    भारत बंद आह्वान को मद्देनजर रखते हुए अमृतसर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। SHO अमोलकदीप ने बताया कि RPF, GRP और रेलवे इंटेलिजेंस के साथ समन्वय बनाकर हमने प्लान बनाया है ताकि कोई भी असामाजिक तत्व किसी भी प्रकार की तोड़फोड़ ना कर पाए और किसी भी प्रकार की समस्या ना आए।

  • 10:06 AM, 20 Jun 2022

    सिलीगुड़ी में पुलिस बल तैनात

    अग्निपथ योजना के खिलाफ कुछ संगठनों द्वारा भारत बंद के आह्वान के बीच पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में जनजीवन दुरुस्त चल रहा है। हालांकि बंद के आह्वान के मद्देनजर सुरक्षाकर्मी तैनात की गई है।

  • 10:02 AM, 20 Jun 2022

    दिल्ली के मान सिंह रोड पर बढ़ाई गई सुरक्षा

    राहुल गांधी को ईडी के समन और अग्निपथ योजना के खिलाफ भारत बंद के मद्देनजर दिल्ली के मान सिंह रोड पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

  • 09:46 AM, 20 Jun 2022

    दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

    दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भारत बंद के बीच ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। विशेष यातायात व्यवस्था के कारण, नई दिल्ली में गोल डाक खाना जंक्शन, पटेल चौक, विंडसर प्लेस, तीन मूर्ति चौक और पृथ्वीराज रोड से आगे बसों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इस दौरान मोतीलाल नेहरू मार्ग, अकबर रोड, जनपथ और मान सिंह रोड से बचने की हिदायत दी गई है। दिल्ली यातायात पुलिस ने कहा कि सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच विशेष व्यवस्था के कारण इन सड़कों पर यातायात की आवाजाही संभव नहीं होगी।

  • 09:37 AM, 20 Jun 2022

    सत्याग्रह पर बैठेंगे कांग्रेस नेता

    कांग्रेस नेता अजय माकन ने जानकारी देते हुए बताया कि हम आज जंतर मंतर पर सत्याग्रह पर बैठेंगे और शाम को 5 बजे राष्ट्रपति से मिलेंगे। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की है कि अग्निपथ योजना को वापस लिया जाए। इस योजना पर पहले युवाओं और संसद में चर्चा की जानी चाहिए, लेकिन उससे पहले, इसे वापस लिया जाना चाहिए।

  • 09:20 AM, 20 Jun 2022

    भारत बंद के चलते झारखंड के सभी स्कूल बंद

    अग्निपथ योजना के खिलाफ भारत बंद के मद्देनजर झारखंड में आज सभी स्कूल बंद हैं। उर्सुलाइन कान्वेंट इंटर कालेज स्कूल की प्रिंसिपल सिस्टर मैरी ग्रेस ने बताया कि 11वीं कक्षा के लिए जेएसी परीक्षा आज के लिए निर्धारित की गई थी। आज की परीक्षाओं के लिए नई तारीखों की घोषणा की जाएगी।