चंदौली

चंदौली।डीडीयू मंडल द्वारा अंतर मंडलीय क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन


मुगलसराय। डीडीयू मंडल द्वारा पूर्व मध्य रेल अंतर मंडलीय क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक राजेश कुमार पाण्डेय द्वारा गुरुवार को प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ यूरोपियन कॉलोनी स्थित मंडलीय रेलवे क्रीड़ा संकुल बाकले ग्राउंड पर किया गया। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक द्वारा उद्घाटन मैच की टीमों के खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवद्र्धन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में रेल अधिकारी, कर्मचारी, खिलाड़ी व आम जन उपस्थित रहे। मंडल क्रीड़ा संघ, डीडीयू मंडल की देखरेख में यह अंतर मंडलीय क्रिकेट प्रतियोगिता 16 से 21 फरवरी 2023 तक चलेगी। पूर्व मध्य रेल के पांचों मंडलों की टीमें इसमें हिस्सा लेंगी। उद्घाटन मैच गुरुवार को सोनपुर मंडल और दानापुर मंडल के बीच खेला गया। टॉस जीतकर सोनपुर मंडल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 03 विकेट खोकर 181 रन बनाए। सोनपुर मंडल की ओर से पवन कुमार ने 37 गेंदों में सर्वाधिक 52 रन बनाए। रनों का पीछा करने उतरी दानापुर मंडल की टीम ने 19 ओवर 4 गेंदों में ही 3 विकेट पर 185 रन बनाकर लक्ष्य पार कर लिया। इस प्रकार उद्घाटन मैच में दानापुर मंडल की टीम 7 विकेट से विजयी रही। दानापुर मंडल की ओर से केशव कुमार ने 52 गेंदों में सर्वाधिक 82 रन बनाए तथा रोहित राज ने 29 गेंदों में 62 रन की पारी खेली।