सम्पादकीय

चमत्कारी शब्द


रेनू सैनी
पिछले वर्षने हमें बहुत कुछ सिखाया है। २०२० को विदा करनेके साथ ही हर व्यक्तिने दिलसे यही दुआ की कि वर्ष २०२१ में विश्व कोरोना मुक्त हो जाय। लोग नव वर्षके आगमनकी खुशीमें नये-नये संकल्प ले रहे हैं। कोई वजन कम करनेका संकल्प ले रहा है कोई सुबह जल्दी उठनेका, कोई नियमित व्यायाम करनेका तो कोई अच्छा पद प्राप्त करनेका। हालांकि यह भी सच है कि इनमेंसे कइयोंके संकल्प नये सालके पन्द्रह दिन होते ही गायब होने लगेंगे और पहलेकी तरह ही दिनचर्या चलने लगेगी। आपके संकल्पोंको पूरा करनेमें शब्दोंका महत्वपूर्ण योगदान होता है। जान लें कि किन शब्दोंका प्रयोग करके अपने सपनोंको पूरा करके नये सालको अधिक सफल बनाया जा सकता है। कई बार लोग अपने सुझावों और आदेशोंका पालन न होनेपर बेहद कठोर रणनीति अपना लेते हैं। इसी कारण उनके शत्रु बनते देर नहीं लगती। शत्रु संकल्पोंको पूरा करनेमें अवरोध उत्पन्न करते हैं। इस साल कठोर बननेके बजाय शब्दोंका प्रयोग कर लचीला बनना सीखें। सकारात्मक और रचनात्मक नीति हर विपरीत परिस्थितिको सहेज देती है। यह बेहद कारगर नीति है। एक बार अलबामा यूनिवर्सिटीके प्रसिद्ध फुटबॉल कोच पॉल बियर ब्रायण्टसे पूछा गया कि चैम्पियन फुटबॉल टीम बनानेके लिए किस चीजकी सबसे अधिक आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा, मैं अरकांससका किसान हूं। मैंने यह सीख लिया है कि टीमको इक_ा कैसे रखा जाता है। किस तरह कुछ लोगोंको ऊपर उठाया जाता है, बाकियोंको कैसे शांत किया जाता है, जबतक कि आखिरकार उनके दिल एक सुरमें न धड़कने लगें, एक टीम। मैं बस उन्हें तीन चीज करनेके लिए कहता हूं, यदि कोई चीज खराब हुई है तो मैंनेकी है। यदि कोई चीज आधी अच्छी हुई है तो हमनेकी है। यदि कोई चीज सचमुच अच्छी हुई है तो आपने की है। यह सचमुच शक्तिदायक शब्द हैं। सकारात्मक शब्दोंकी ताकतको आज विश्वके कोने-कोनेमें जाना जाता है। यह बात वास्तवमें सत्य है कि आप ब्रह्मïाण्डसे जो भी मांगोगे, वह आपको किसी भी तरहसे मिलेगा। इसलिए शब्दोंमें सकारात्मकता, सचाई, निष्कपटता और मेहनतका झलकना जरूरी है। अटलांटाके एक डिपार्टमेंटल स्टोरमें एक साइनबोर्डमें लिखा था, अंग्रेजी भाषाके छह सबसे महत्वपूर्ण शब्द हैं, मैं अपनी गलती स्वीकार करता हूं। पांच सबसे महत्वपूर्ण शब्द हैं,आपने बेहतरीन काम किया है। चार सबसे महत्वपूर्ण शब्द, आपकी राय क्या है। तीन सबसे महत्वपूर्ण शब्द हैं, यदि आप चाहें। दो सबसे महत्वपूर्ण शब्द, आपको धन्यवाद। एक सबसे महत्वपूर्ण शब्द, हम। सबसे कम महत्वपूर्ण शब्द, मैं। सकारात्मक सोचमें यदि लचीले शब्द डाल दिये जायं तो फिर लोहा भी टूट जाता है। इसलिए अपने शब्दोंपर गौर करें और उन्हें बदलनेका प्रयत्न करें। यदि आपके शब्दोंसे लोग नाराज हो जाते हैं, आपके काम बिगड़ जाते हैं तो तुरंत लचीले शब्दोंको अपने जीवनमें लानेका प्रयत्न करें। हर स्थितिमें मतभेदसे कार्य बिगड़ जाते हैं, इसलिए मतभेदके बजाय सहमति एवं मन मिलानेका प्रयत्न करें।