पटना

नालंदा विश्वविद्यालय में आयोजित छठा अंतरराष्ट्रीय धर्म-धम्म सम्मेलन कल


उपराष्ट्रपति करेंगे सम्मेलन का उद्घाटन

बिहारशरीफ। राजगीर स्थित अंतरराष्ट्रीय नालंदा विश्वविद्यालय में रविवार से छठा अंतरराष्ट्रीय धर्म-धम्म सम्मेलन का शुरुआत होने जा रहा है। इस सम्मेलन का उद्घाटन उपराष्ट्रपति वैंकेया नायडू के द्वारा किया जाना है। इस सम्मेलन को लेकर नालंदा विश्वविद्यालय उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू का अपने नए परिसर में स्वागत करने के लिए तैयार है। इस भव्य समारोह में बिहार के माननीय राज्यपाल और मुख्यमंत्री के साथ-साथ श्रीलंका के एक मंत्री की भी गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

विश्वविद्यालय द्वारा जारी एक बयान में कुलपति ने बताया कि इस अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में विभिन्न देशों के दो सौ से अधिक प्रतिनिधि, गणमान्य व्यत्तिफ़ और काफी संख्या में विद्वान हिस्सा लेंगे। उन्होंने ये भी कहा किए यह सम्मेलन शिक्षा जगत के श्रेष्ठ बुद्धिजीवियों, प्रमुख राजनेताओं और भारत तथा विदेशों के धार्मिक राजनेताओं को एक साझा मंच प्रदान करेगा। सम्मेलन में कोविड के बाद की विश्व व्यवस्था के निर्माण की नई संभावनाओं पर विचार-विमर्श होगा।

इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित यह तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 7 से 9 नवंबर तक चलेगा। धर्म-धम्म परंपराएं लोगों की जीवन शैली सुधारने और महामारी के विनाशकारी प्रभाव से उबरने में अहम भूमिका निभा सकती है। यह सम्मेलन मानव और प्रकृति के सामंजस्यपूर्ण सह-अस्तित्व को ध्यान में रखते हुए कोविड उपरांत की खुशहाल और स्वस्थ दुनिया बनाने में बड़ी भूमिका निभाएगा और इसके लिए आध्यात्मिक मूल्यों पर आधारित नए विचारों को साझा करने की संभावना पैदा करेगा।

इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य इन विषयों के साथ-साथ स्वास्थ्य, मानव कल्याण, जलवायु परिवर्तन और सामाजिक सद्भाव से संबंधित अन्य विषयों पर भी विचार-विमर्श करना और धर्म-धम्म परम्पराओं में दिखाए गए मार्गों के महत्त्व को प्रदर्शित करना है।